सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर र्दुब्यवस्था के खिलाफ एन एच 97 जाम

 

जमानियां। क्षेत्र के ग्राम बरूइन स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग 97(24) पर अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा युवा के जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह के नेतृत्व में जनहित के मुद्दे पर एक दिवसीय सांकेतिक धरना प्रदर्शन एवं चक्का जाम सोमवार की सुबह करीब 9 बजे शुरू किया गया। जिसे उपजिलाधिकारी के आश्वासन पर करीब 1 बजे समाप्त किया गया।
बरूइन गांव के पास स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुबह से ही क्षेत्र के लोगों की भीड़ लगने लगी और अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा युवा के जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में धरना प्रदर्शन 9 बजे शुरू हुआ। इस दौरान जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने कहा कि पूर्व में कई बार मांग पत्र सौंपा गया लेकिन गहरी नींद में सोये प्रशासन की नींद नहीं टुटी। जिस कारण से आज सांकेतिक धरना प्रदर्शन करना पड़ा। उन्होंने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों के अभाव में क्षेत्र के लोगों को परेशानी हो रही है साथ ही इस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का कार्यालय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है जिसे यथाशीघ्र सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्थापित किया जाए। स्वास्थ्य केंद्र में इमरजेंसी सेवा पूरी तरह से बंद है जिसे जल्द शुरू किया जाए। कहा कि स्वास्थ्य केंद्र पर दवाओं का अभाव है रेबीज, सर्पदंश की दवा, जेनेरिक मेडिसिन आदि जैसी जरूरत की दवा नदारद हैं। स्वास्थ्य केंद्र पर सरकार की ओर से करोड़ों की लागत से प्रसव केंद्र अल्ट्रासाउंड‚ एक्सरे‚ पैथोलॉजी‚ ऑपरेशन थियेटर एवं कर्मचारी आवास आदि का निर्माण किया गया। जो अधिकारियों और कर्मचारियों की लापरवाही की वजह से उपेक्षित पड़ा हुआ है। धरना की सूचना पर उपजिलाधिकारी‚ तहसीलदार सहित मय पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। जिसके बाद उपजिलाधिकारी रमेश मौर्य ने कहा कि कुछ मांगों को 24 घंटे के अंदर पूरा कराया जाएगा। शेष मांगों को उच्चाधिकारीयों को अवगत करा कर 2 अक्टुबर तक पूर्ण कराया जाएगा। उनके आश्वासन के बाद धरना प्रदर्शन को 2 अक्टुबर तक स्थगित कर दिया गया। इस अवसर पर तहसीलदार आलोक कुमार‚ कोतवाल विमल कुमार मिश्र‚ चौकी प्रभारी आरके ओझा‚ साहित्यकार राजेन्द्र सिंह‚ गोरख नाथ सिंह‚ आदित्य नारायण सिंह‚ कपिलदेव सिंह‚ अमरनाथ सिंह‚ अमरेंद्र प्रताप सिंह‚ रणवीर सिंह‚ संतोष मौर्य‚ अमित गुप्ता‚ किशन राजभर‚ इम्तियाज‚ अरशद‚ प्रकाश बनवासी‚ अनिल सिंह‚ मनीष‚ सुनील सिंह‚ सुधीर सिंह‚ ओमप्रकाश सिंह‚ अभिषेक सिंह‚ अमित सिंह‚ गोलू‚ पवन सिंह आदि लोग मौजूद रहे।

Comments