कर्मनाशा नदीं पर बने पुल का स्लैब करीब 3 इंच धंसा



गाजीपुर बारा यूपी-बिहार को जोड़ने वाले देवल गांव के समीप कर्मनाशा नदी पर बने पुल का दो नंबर पीलर का स्लैब करीब तीन इंच धंस गया है। इसके बाद भी इस पुल से वाहनों का आवागमन जारी है। अब तक इसकी जानकारी अधिकारियों को भी नहीं है। बड़े वाहनों के आवागमन पर रोक नहीं लगा तो बड़ा हादसा हो सकता है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि ओवरलोडेड ट्रकों के गुजरने से ऐसा हो रहा है। बेयरिग अपने स्थान से खिसक जा रही है।

ghazipurnews.in के अनुसार पुल के दो नंबर पीलर का स्लैब धंसने के बाद भी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध नहीं लगाया गया है। पुल के अन्य खंभों के पास भी दरारें पड़ती जा रही हैं। देवल गांव के समीप कर्मनाशा नदी पर बना पुल बिहार राज्य को जोड़ता है। इस पुल से हर रोज सैकड़ों छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है। बालू लदे ओवरलोड ट्रकों के आवागमन से पहले ही पुल पर दरारें पड़ी हुई हैं। बनने के बाद से अब तक इसकी मरम्मत नहीं हुई है। इसके चलते जर्जर हालत में पहुंच गई है। इसकी जल्द ही मरम्मत कराई जाए।

नहीं है जानकारी
पीलर का स्लैब धंसने की जानकारी नहीं है। यदि ऐसा है तो वाहनों के आवागमन पर रोक लगाकर पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के संज्ञान में दिया जाएगा। -विक्रम सिंह, उपजिलाधिकारी, सेवराई।

Comments